झारखण्ड एसीबी ने आईएएस अधिकारी विनय चौबे को लिया हिरासत में

शराब घोटाले मामले में एसीबी की कार्यवाई
राँची
शराब घोटाले में तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय चौबे व संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह को एसीबी ने लिया हिरासत में
एंटी करप्शन ब्यूरो(एसीबी) रांची उत्पाद घोटाले में आइएएस अधिकारी विनय चौबे और उत्पाद विभाग के अधिकारी गजेंद्र सिंह को हिरासत में लिया है. दोनों को योगेश कुमार की कोर्ट में पेश किया जा रहा है. एसीबी ने विनय चौबे पर छत्तीसगढ़ शराब सिंडिकेट के साथ मिलकर झारखंड में नयी शराब नीति बनाने और राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाया है. एसीबी रांची ने भी छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज की गयी प्राथमिकी( 36/2024) के बाद पीइ दर्ज की. पीइ की जांच के दौरान एसीबी ने कई बार तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय चौबे और गजेंद्र सिंह से पूछताछ की. प्रारंभिक पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर एसीबी ने सरकार की अनुमति के शराब घोटाले में नियमित प्राथमिकी दर्ज की. इस बीच मार्च 2025 में आर्थिक अपराध शाखा ने छत्तीसगढ़ में दर्ज प्राथमिकी की जांच पूरा करने के बाद राज्य सरकार को पत्र लिख कर विनय चौबे,गजेंद्र सिंह के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति आदेश जारी करने का अनुरोध किया. राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध शाखा से मिले पत्र के आलोक में सुप्रीम कोर्ट के वरीय अधिवक्ता एस. नागामुथू से कानूनी राय मांगी. कानूनी राय के लिए राज्य सरकार की ओर से झारखंड में भी चल रही जांच की जानकारी दी थी. सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता से कानूनी राय मिलने के बाद एसीबी झारखंड ने सुबह करीब 10.30 बजे तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय चौबे को उनके घर से ले आयी. विनय चौबे से हुई पूछताछ के बाद एसीबी ने दोपहर को गजेंद्र सिंह को भी बुलाया. इसके बाद इन दोनों अधिकारियों से छत्तीसगढ़ सिंडिकेट में उनकी भूमिका के सिलसिले में पूछताछ की. क्या है पूरा मामला वर्ष 2021 के अंतिम दिनों में राज्य के शराब व्यापारियों के बीच यह चर्चा शुरू हुई कि 2022-23 से नयी शराब नीति आने वाली है. इसमें छत्तीसगढ़ शराब सिंडिकेट का दबदबा रहेगा. इन्हीं चर्चाओं के बीच उत्पाद विभाग ने छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग लिमिटेड (सीएसएमएल) को झारखंड में शराब के राजस्व बढ़ाने के लिए सलाहकार नियुक्त किया गया. उत्पाद नीति बनाने में सलाह देने के लिए सरकार ने अरूणपति त्रिपाठी की फीस 1.25 करोड़ रुपये निर्धारित किया. नयी उत्पाद नीति बनाने के बाद उसे राजस्व पर्षद सदस्य के पास सहमति के लिए भेजी गयी. उस वक्त अमरेंद्र प्रसाद सिंह राजस्व पर्षद सदस्य थे. उन्होंने उत्पाद नीति पर अपनी असहमति जताते हुए कई मामलों में बदलाव लाने का सुझाव दिया. साथ ही यह टिप्पणी भी कि जिस कंपनी को राजस्व बढ़ाने के लिए सलाहकार नियुक्त किया गया, वह अपने राज्य में शराब का राजस्व नहीं बढ़ा पा रही है. झारखंड में शराब के राजस्व का ग्रोथ, छत्तीसगढ़ से ज्यादा है. ऐसे में वह कंपनी झारखंड में राजस्व बढ़ाने के लिए क्या सलाह देगी, ये समझ से परे है. राजस्व पर्षद सदस्य द्वारा दिये गये सुझाव को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए राज्य सरकार ने नयी उत्पाद नीति की घोषणा की. नयी नीति के घोषणा के साथ ही छत्तीसगढ़ शराब सिंडिकेट का झारखंड में शराब के व्यापार पर कब्जा हो गया. टेंडर में लगायी गयी शर्तों के मद्देनजर थोक व्यापार इशिता और ओमसाई नाम की कंपनियों के हाथों चला गया. शराब के राजस्व पर नियंत्रण बनाये रखने के लिए बोतलों को लगाया जाने वाले होलोग्राम बनाने का काम भी छत्तीसगढ़ सिंडिकेट में शामिल प्रिज्म नाम की कंपनी को दे दिया गया. सरकार द्वारा चलायी जाने वाली खुदरा शराब दुकानों में मैनपावर सप्लाई का काम भी छत्तीसगढ़ की कंपनियों को मिला. नयी उत्पाद नीति की वजह से सबसे पहले देशी शराब बनाने वाली कंपनियां प्रभावित हुईं. 2022-23 से पहले झारखंड में देशी शराब प्लास्टिक के बोतल में बेचने का नियम था. लेकिन छत्तीसगढ़ सिंडिकेट ने प्लास्टिक के बदले शीशे की बोतल में देसी शराब बेचने का नियम लागू करवा दिया. इससे झारखंड में देसी शराब के बॉलिंग प्लांट बंद हो गये. इसके बाद छत्तीसगढ़ शराब सिंडिकेट ने छत्तीसगढ़ में पड़े देसी शराब के स्टॉक को झारखंड में बेचा. इसके बाद झारखंड के देसी शराब बनाने वाली कंपनियों से मिल कर पार्टनशिप करने की कोशिश की. लेकिन झारखंड की ज्यादातर कंपनियां इसके लिए तैयार नहीं हुई. इन कंपनियों को उत्पाद विभाग के अधिकारियों से मिल कर किसी ना किसी तरह परेशान किया जाता है. इस बीच छत्तीसगढ़ ईडी द्वारा छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में अरूण पति त्रिपाठी व अन्य को अभियुक्त बनाये जाने के बाद शराब सिंडिकेट के कुछ लोग झारखंड से चले गये. जबकि सिंडिकेट की कुछ कंपनियों के साथ किये गये एकरारनामे को सरकार ने रद्द कर दिया.

इचाक में शान से लहराया तिरंगा, देशप्रेमियों ने दी सलामी

झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित
अभिषेक कुमार🖋️
इचाक। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इचाक प्रखण्ड में राष्ट्रीय त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजो, डाकघरों, बैंकों, पंचायत मुख्यालयों, संस्था कार्यालयों, सभी राजनीतिक दल के कार्यालयों के अलावा कई गांवों के चौक चौराहों पर हर्षोल्लास व शान के साथ तिरंगा फहराया गया। प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय में प्रमुख पार्वती देवी ने झंडोतोलन किया। इस दौरान प्रखंड सह अंचल कार्यालय के पदाधिकारियों, कर्मियों, समाजसेवी और जनप्रतिनिधियों ने तिरंगे को सलामी दिया।
जिसके बाद झारखंड आंदोलनकारी मनोहर राम, आरके मेहता, रामप्रवेश सिंह को बीडीओ संतोष कुमार, सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता द्वारा माला पहना कर एवं सॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा साक्षरता कार्यालय में शिक्षक चंद्रधारी प्रसाद, पशु चिकित्सालय में प्रभारी, सामुदायिक अस्पताल में चिकित्सा प्रभारी डॉ ओम प्रकाश,
परियोजना बालिका में निशा कुमारी एवम् के एन प्लस टू उच्च विद्यालय में प्रभारी शिक्षक रविंद्र कुमार चौधरी, इचाक थाना में प्रभारी संतोष कुमार सिंह,एलएम आईटीआई कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज में प्रभारी, दिलदार नवयुवक संघ बड़ा अखाड़ा में पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष गौतम नारायण सिंह, विधायक कार्यालय में प्रतिनिधि सच्चिदानंद अग्रवाल, गोबरबंदा पंचायत भवन में मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष रंजीत मेहता, पुराना इचाक में मुखिया किरण देवी, कैम्पियन बेसिक एकेडमी एवम संस्था मानव विकास में सचिव बीरबल प्रसाद , इंदिरा गांधी पीब्लिक स्कूल इचाक में प्राचार्य विपिन कुमार, जीएम कॉलेज में प्राचार्य शंभू कुमार,
संस्कृत विद्यालय में सचिव ओम प्रकाश, भाजपा पूर्वी व पशिचमी कार्यालय में अध्यक्ष अनिल मेहता और अजीत बक्शी, कांग्रेस कार्यालय में दिगम्बर कुमार मेहता, आजसू में प्रदीप कुमार मेहता, झामुमो कार्यालय में मनोहर राम के अलावा प्रखंड के सभी 19 पंचायत कार्यालय में पंचायत सचिवों की मौजूदगी में मुखिया ने झंडोतोलन किया। प्रखण्ड के विभिन्न दलों के नेता व कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में खूनी खेल,

कैद की सजा काट रहा कैदी सुरक्षा कर्मी की हत्या कर फरार
प्रशासन मौन
अभिषेक कुमार
हजारीबाग! उम्र कैद की सजा काट रहा कैदी शाहिद अंसारी ने सुरक्षा कर्मी हवलदार की हत्या कर फरार हो गया. सजा काट रहा कैदी शाहिद अंसारी का हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान उसने सुरक्षा में तैनात हवलदार चौहान हेंब्रम की लोहे की राड से मारकर हत्या कर दी है. घटना के बाद हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह, एसडीओ समेत कई पदाधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं. पूरे मामले की तहकीकात कि जा रही हैं. वहीं जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है . फरार हत्यारा को गिरफ्तार करने के लिए पूरे इलाके में ऑपरेशन चलाया जा रहा है. शाहिद अंसारी को धनबाद जेल से हजारीबाग सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था.
फरार सजा काट रहा कैदी शाहिद अंसारी के ऊपर दो मामला धनबाद में चल रहा था. सुदामा डीह थाना में केस संख्या 40/17 के तहत धारा 341, 323, 354,356D, 306, रेप समेत पोक्सो का मामला दर्ज है. वही पाथा हीह थाना में कांड संख्या 40/ 18 के तहत धारा 302 ,201, 382 के तहत मामला दर्ज है. कोर्ट ने इस उम्र कैद की सजा सुनाया है. जो मूल रूप से धनबाद का रहने वाला है. जिसकी उम्र लगभग 41 वर्ष है. इसका तालुकात प्रिंस गिरोह से बताया जा रहा है जो धनबाद का खूंखार गिरोह है .
प्राप्त जानकारी के अनुसार इसका शरीर का दाहिना हिस्सा मैं झनझनी का शिकायत करता था. जो एम्स में इलाज करने के लिए भी आवेदन दिया था. लेकिन इसका आवेदन अस्वीकार करते हुए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया था. जो पिछले 14 दिनों से इलाज करवा रहा था.
घटना के बाद हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह पूरे मामले की जानकारी लेने के लिए घटनास्थल पहुंचे. इन्होंने फॉरेंसिक की मदद से जांच शुरू की है. इस दौरान हजारीबाग सदर अनुमंडल पदाधिकारी समिति थाना के प्रभारी उपस्थित रहे. लेकिन घटना के बारे में हजारीबाग एसपी ने किसी भी तरह का बयान नहीं दिया. तो दूसरी ओर एसडीओ शैलेश कुमार सिंह भी बयान देने से बचते रहे. लगभग 2 घंटे तक एसपी मेडिकल कॉलेज प्रताप परिसर में उपस्थित रहे जिन्होंने सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना को दिखा जिसमें यह स्पष्ट दिख रहा है कि कैदी शाहिद अंसारी घटना को अंजाम देकर बाहर निकल रहा है. उसे दौरान कोई भी सुरक्षाकर्मी बाहर तैनात नहीं थे.
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से यह पहला मामला नहीं की को कैदी फरार हुआ हो. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल या निशान खड़ा हो रहा है. वर्तमान समय में 30 होमगार्ड के जवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तैनात किए गए हैं. वहीं निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात है .रात के समय महज एक सुरक्षा कर्मी के बदौलत कैदी वार्ड रहता है. वही कैदी वार्ड के बाहर भी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं .एक मुख्य दरवाजा है जिससे डॉक्टर मरीज और सभी कोई आना-जाना होता हैं. घटना को अंजाम देकर बड़े इत्मीनान के साथ अपराधी फरार हो गया.

प्रभार अदला-बदली में हंगामा, डीएसई आफिस में हाई वोल्टेज ड्रामा

•गढ़वा से आए नए डीएसई आकाश कुमार ने स्वत: ग्रहण किया प्रभार
• डीएसई संतोष गुप्ता ने चार्ज देने से किया इनकार
•जहां स्वागत-विदाई में पहनाना चाहिए माला, वहां सरकारी दफ्तर में जड़ दिया ताला
अभिषेक कुमार🖋️
हजारीबाग हजारीबाग नया समाहरणालय स्थित डीएसई आफिस में बुधवार को दिनभर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। जैसे ही गढ़वा से ट्रांसफर होकर चार्ज देने के लिए नए डीएसई आकाश कुमार आए पूर्व डीएसई संतोष गुप्ता उनका स्वागत करने की जगह सरकारी दफ्तर में ताला बंद करा यह कहते हुए निकल गए कि चार दिनों के बाद प्रभार देंगे। प्रभार लेने और योगदान देने हजारीबाग आए नए डीएसई आकाश कुमार ने सरकारी आदेश का हवाला दे बुधवार को ही प्रभार सौंपने को कहा। लेकिन पूर्व डीएसई संतोष गुप्ता निकल वहां से चलते बने। कोई चारा नहीं देख आकाश कुमार डीइओ प्रवीण रंजन के पास गए। फिर डीसी से मिल कर स्वत: प्रभार ग्रहण करने की अनुमति मांगी। इस बीच संतोष गुप्ता कोई रजिस्टर लेने आए और जैसे ही दफ्तर का ताला खुलवाया डीएसई ने चार्ज एज्युम कर लिया। फिर क्या था, पूर्व डीएसई को कुछ नहीं सूझा तो शिक्षकों की काउंसिलिंग के लिए डीएसई आफिस में बेंच लगवाने लगे। सरकार के ट्रांसफर लेटर में काउंसिलिंग का जिक्र है कि डीएसई काउंसिलिंग करेंगे। ऐसे में अब काउंसिलिंग की जिम्मेवारी नए डीएसई की है, अन्यथा सरकार ने जिन शिक्षा पदाधिकारियों के तबादले का आदेश पत्र जारी किया है, उसमें काउंसिलिंग का जिक्र ही नहीं होता। इधर एज्युम चार्ज पर डीइओ ने हस्ताक्षर करने की बात कही है। ऐसे में पूर्व डीएसई संतोष गुप्ता को प्रभार लेने की मजबूरी है।
आखिर नए डीएसई को चार दिनों बाद प्रभार क्यों देना चाह रहे थे संतोष गुप्ता, जानिए अंदरखाने की बात
तबादला होकर आए नए डीएसई आकाश कुमार को आखिर संतोष गुप्ता प्रभार देना क्यों नहीं चाह रहे थे। इस मामले में झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मो. अतिकुज्जमा ने कहा कि दूसरे जिले से आए शिक्षकों की पोस्टिंग के लिए लाखों रकम की वसूली की गई है। अब पूर्व डीएसई पशोपेश में हैं कि जिला स्थापना समिति की बैठक नहीं होने से उन शिक्षकों को क्या जवाब देंगे। ऐसे में शिक्षकों से वसूली गई रकम लौटानी होगी। दरअसल किसी को तनिक अनुमान नहीं था कि सरकार का फरमान जारी होते ही ने डीएसई प्रभार लेने आ जाएंगे। पूर्व डीएसई को संभालने का मौका ही नहीं मिला। इन चार दिनों में डीएसई आफिस में और क्या-क्या खेल होंगे कहना मुश्किल है। क्या-क्या अनियमितताएं और सबूत मिटाए जाते या फिर शिक्षकों को रकम लौटाई जाती। वहीं अपने चहेते पदाधिकारियों, कर्मियों और शिक्षकों के भी भविष्य की राह तलाशते। बहरहाल चार्ज नहीं देने से स्वत: ही सारे कारनामों की पोल पलभर में उजागर बीती स्पष्ट परिलक्षित होती प्रतीत हुई।
आरडीडीई आफिस में भी हो चुकी है चार्ज रिज्युम की घटना
""""""""""""""""""""" आज से करीब 20 साल पहले आरडीडीई आफिस में भी चार्ज रिज्युम की घटना है चुकी है। तब नगीना राम को लक्ष्मण सिंह चार्ज नहीं दे रहे थे। वर्ष 2003 में मजिस्ट्रेट की अगुवाई में दफ्तर का ताला तुड़वाकर नगीना राम ने स्वत: चार्ज लिया था।
पोस्टिंग के लिए रकम देनेवाले शिक्षक पशोपेश में, बुरे फंसे बिचौलिए
दूसरे जिले से ट्रांसफर होकर आए 93 में वह सभी शिक्षक सकते में हैं, जिन्होंने बिचौलियों के माध्यम से मनचाही पोस्टिंग के लिए लाख-सवा लाख तक खर्च किए हैं। उनकी पोस्टिंग पूर्व डीएसई संतोष गुप्ता के माध्यम से होनी थी। लेकिन अब नए डीएसई के आ जाने से पुराने डीएसई के तुरूप का पत्ता बदल गया। ऐसे़ में शिक्षक यह पशोपेश में हैं कि इतनी राशि खर्च कर मनचाहे स्कूलों में पोस्टिंग मिलेगी या नहीं। वहीं बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले कुछ बीइइओ, क्लर्क, कंप्यूटर आपरेटर, सरकारी व पारा शिक्षक सकते में हैं कि पूर्व डीएसई संतोष गुप्ता की पिंड तो छूट गई, शिक्षकों के कोप भाजन का शिकार तो अब बिचौलिए ही बनेंगे। चूंकि स्थापना में पूर्व डीएसई की सूची बदलनी तय है। दरअसल इस वसूली मामले की शिकायत डीएसई से लेकर शिक्षा सचिव व मुख्यमंत्री तक हो चुकी है। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि इसी वजह से शनिवार को जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक टाल दी गई और पूरे कार्यकाल में सर्वाधिक विवादित रहनेवाले पूर्व डीएसई संतोष गुप्ता अपनी ही कारस्तानी के चक्रव्यूह में फंस गए।

वज्रपात के चपेट में आने से बालक की गई जान

अभिषेक कुमार🖋️
इचाक इचाक थाना क्षेत्र के काला द्वार गांव स्थित पार टांड़ में हुई बज्रपात की चपेट में आने से बैजनाथ साव के 12 वर्षीय पुत्र मैक्स कुमार की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। मृतक बालक अपने मां पिता के साथ पार टांड़ में धनिया का बीज लगा रहा था। इसी दौरान बज्रपात हो गई। जिसके चपेट में मैक्स आ गया। घटना में मृतक के पिता बैजनाथ साव और उसकी मां बाल बाल बच गई। मृतक बच्चे की मौत की खबर सुनने के बाद गांव वालों की भीड़ पार टांड़ की ओर उमड़ पड़ी।मैक्स सातवीं का छात्र था। लोगों ने आनन-फनन में बालक को अस्पताल ले जाने का भरपूर कोशिश किया लेकिन बुजुर्गों ने बता दिया कि उसकी मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंची मुखिया सीता कुमारी ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है । मृतक बालक के शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा। इसके बाद अग्नि गुरुवार को किया जाएगा मृत बालक दो बहनों में इकलौता भाई था उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

उप मुखिया पर रिश्वत मांगने का लगा आरोप

डीसी को सौंपा ज्ञापन
अभिषेक कुमार🖋️
इचाक प्रखंड के हदारी पंचायत निवासी मनरेगा के किसानों ने अपने ही पंचायत के उप मुखिया पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। जिसे लेकर हजारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय को आवेदन सौप कर मामला का जांच करने की गुहार लगाया गया है। दिए गए आवेदन में कहा है कि हमलोग हदारी के मनरेगा किसान लाभुक है। हमलोग के नाम से मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत सेड निर्माण की स्वीकृति हुई थी। जिसका सामग्री का भुगतान 18/06/2024 को हुआ। भुगतान होने के बाद उपमुखिया बबलु कुमार के द्वारा 10% रिश्वत की माँग कि जा रही थी। नही देने पर हमलोग के विरुद्ध आवेदन देकर शिकायत किया की बिना योजना का भुगतान हुआ है। इन्होंने पहले भी पुर्व मुखिया सदा देवी के विरूध RH-D विभाग, शौचालय निर्माण SDM के तहत दबंगई का धौंस दिखाकर रिश्वत की मांग किया था। उस समय हजारीबाग उपायुक्त महोदय रवि शंकर शुक्ला के द्वारा जाँच किया गया था। जो शिकायत निराधार बताया गया था। उस समय भी आवेदन कर्ता बबलु कुमार ही था। इसका काम यही है की रिश्वत नहीं देने पर शिकायत करते रहना। अब भी उपमुखिया बबलु कुमार के द्वारा शिकायत पत्र उपायुक्त को सौपा गया है जो की गलत है। आवेदन देने वालो में कुन्दन मेहता, दिवाकर कुमार, अमरनाथ कुमार, यशवंत कुमार मुकेश कुमार समेत दर्जनों का हस्ताक्षर शामिल है।
क्या कहते है उप मुखिया
इस संबंध में उप मुखिया बब्लू कुमार ने कहा की लगाए गए आरोप निराधार है। अगर ईमानदारी से इसकी जांच होती है तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। कैसे योजनाओं का बंदरबाट हो रहा इसकी सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ इचाक के पंचायत प्रतिनिधियों ने आंदोलन का किया एलान

जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद व निराधार - बीडीओ
अभिषेक कुमार🖋️
इचाक प्रखंड के मुखिया संघ और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा मंगलवार को हदारी पंचायत भवन में बैठक किया गया। जिसकी अध्यक्षता डुमरौन के मुखिया चौहन मेहता ने किया।इस दौरान मुखिया संघ द्वारा बीडीओ और सीओ पर आरोप लगाते हुए कहा की इचाक प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। मनरेगा कार्य में बीडीओ की मनमानी से तंग होकर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा है। जिसके लिए इचाक प्रखंड के 19 पंचायत के सभी मुखिया आंदोलन करने का एलान किया है। मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार मेहता ने कहा इचाक बीडीओ संतोष कुमार के कार्यशैली एवं उनके मनमानी रवैया से सभी जनप्रतिनिधि आहत हैं। इसलिए प्रखंड मुख्यालय के समक्ष सभी जनप्रतिनिधि अनिश्चित कालीन धरना देने का मन बना चुके हैं। जिसके रूप रेखा को लेकर बैठक की गई। एसडीओ हजारीबाग को आवेदन देने के बाद तिथि की घोषणा की जाएगी। मुखिया संघ के संरक्षक अशोक कपरदार ने कहा कि बीडीओ संतोष कुमार अपने पावर का दुरुपयोग कर रहे हैं. बीडीओ द्वारा मनरेगा का सभी कार्य ग्राम रोजगार सेवक एवं ऑपरेटर के माध्यम से बाजबरन प्रखंड कार्यालय से करवा रहे हैं. जिससे मुखिया का अधिकार का हनन हो रहा हैं.मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष सकेंद्र प्रसाद मेहता ने आरोप लगाते हुए कहा की बीडीओ एवं सीओ रिश्वत के बगैर कोई काम नहीं करते. एलपीसी बनाने में मोटी रकम वसूली कर रहे हैं एवं म्यूटेशन,भूमि प्रतिवेदन बनाने के नाम पर वसूली करते हैं। वहीं प्रखंड कर्मी हो या अंचल कर्मी पंचायत भवन में कोई नहीं बैठता है जिस कारण विकास कार्य करवाने में लाभुक को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। मौके पर उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार, मुखिया मोदी मेहता ,उमेश प्रसाद ,निशु कुमारी, संगीता देवी ,अशोक राम, सिकंदर कुमार राम, मंजू देवी, नंदकिशोर मेहता ,एवं मुखिया प्रतिनिधि कुशलचंद मेहता, चंदन मेहता ,श्रीकांत मेहता ,ओमप्रकाश मेहता, दयानंद कुमार, मौजूद थे.
जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद व निराधार - बीडीओ
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने बताया की पंचायत के विकास में जनप्रतिनिधियों की बड़ी भूमिका होती है। मुखिया वित्तीय पावर के साथ एक जिम्मेवार नागरिक होते है। इस तरह का बेबुनियाद और निराधार आरोप लगाना उचित प्रतीत नहीं होता। आंदोलन और बैठक की कोई जानकारी मुझे नहीं है। सच्चाई के साथ उचित प्लेटफार्म पर मुखिया को बात करना चाहिए था। अगर प्रखंड कर्मी के खिलाफ कोई भी शिकायत मिली है उस पर त्वरित संज्ञान लिया गया है। अभी तक किसी मुखिया के द्वारा कभी भी कोई शिकायत मुझे प्राप्त नहीं हुई।

छठे दिन भी नहीं मिला कोचिंग संचालक दंपति का सुराग

लापता युवती के परिजनों ने इचाक पहुंचकर पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
अभिषेक कुमार
इचाक प्रखंड के कुरहा गांव निवासी शिक्षक दंपति राहुल और पूजा के 14,15 जून की रात को रहस्यमय ढंग से गायब होने के मामले में लोग मुखर होने लगे है।मामले को लेकर पुलिस और शिक्षक दंपति के परिजनों के कार्यशैली पर अंगुली उठने लगी है।पुलिस की सुस्ती से लोगो में आक्रोश पनपने लगा है।राहुल कुमार आईएएस की परीक्षा में पास नही हो सका किंतु प्यार मोहब्त की परीक्षा में आसानी से पास हो गया।उसके साथ में आईएएस की तैयारी कर रही आजमगढ़ यूपी की पूजा यादव से उसे प्यार हो गया।दोनो का प्यार इस कदर प्रवाण चढ़ा की राहुल और पूजा पति पत्नी के रूप में रहने लगे।दोनो से ऐसे व्यवहार से परिजन नाराज थे।बाबजूद इसके चार साल पूर्व दोनो दिल्ली से इचाक के कुरहा गांव पहुंचे।जिसके बाद राहुल के घरवालों से उसकी अनबन और बढ़ गई।जिसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई।सामाजिक स्तर से कोई हल नहीं निकलने पर मामला थाना पहुंचा।परिजनों से बढ़ते विवाद को देख राहुल और पूजा ने इचाक बजार स्थित शिव मंदिर के बगल में पिता द्वारा बनाया गया बिल्डिंग में दिल्ली कोचिंग सेंटर खोला। जिसमे छात्र छात्राओं को दोनो पढ़ाने लगे।इस बीच दोनो कुरहा से इचाक में शिफ्ट कर गए।दोनो को क्या पता था कि उनके साथ ऐसी अनहोनी होगा। राहुल के परिजनों और उसके बीच शनिवार को नोक झोंक भी हुआ।और उसी रात से राहुल और पूजा के गायब होना किसी के गले नहीं उतर रहा है। ____________________________
कैंडल मार्च निकाल कर लोगो ने किया प्रदर्शन
लापता दंपति मामले के विरोध में युवकों ने निकाला कैंडल मार्च
लापता कोचिंग संचालक राहुल कुमार एवं उसकी पत्नी पूजा यादव के रहस्य मय ढंग से लापता होने एवं परासी शमशान घाट में चोरी चुपके शव को जलाने की घटना के विरोध में युवाओं ने गुरुवार शाम को इचाक बाजार में कैंडल मार्च निकाला. लोगों ने कहा कि पुलिस दोनों पहलुओं का सघन जांच कर मामला का पर्दाफाश करें यदि पुलिस समय रहते मामले का उद्वेदन नहीं करती है तो उग्र होकर आंदोलन किया जाएगा. आदर्श युवा संगठन के नेता गौतम कुमार ने कहा कि आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने के लिए 21 जून को इचाक बाजार को पूर्णता बंद रखा जाएगा. कैंडल मार्च में गजेंद्र प्रजापति, मौलाना मुख्तार प्रदीप मेहता, राजेंद्र मेहता, सुनील वैध , सीटू सिंह, उमेश गुप्ता समेत दर्जन युवा शामिल थे. _________________________
राहुल पुजा का नहीं है कोई संतान
राहुल और पूजा पिछले 4 वर्ष से पति-पत्नी के रूप में इचाक शिवामंदिर के बगल स्थित अपने पिता द्वारा बनाए मकान में रह रहे थे। जहां रह कर दोनो कोचिंग का संचालन कर जीविका चलाते थे। शादी के इतने साल बाद दोनों का कोई संतान नहीं है।
_________________________
राहुल और पूजा ने किया था प्रेम विवाह ,अगले माह होनी थी शादी
राहुल और पूजा आई ए एस के तैयारी के दौरान प्रेम विवाह किया था।जिसके खिलाफ दोनों के परिजन थे। इधर हाल के दिनों में पूजा के परिजन की रजामंदी के बाद जुलाई माह में दोनों हिंदू रीति रिवाज के साथ शादी करने वाले थे। इसी बीच पूजा और राहुल के साथ घटित घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
दो भाई में बड़ा था राहुल दिल्ली कोचिंग सेंटर के संचालक राहुल कुमार दो भाई में बड़ा था उसका छोटा भाई इचाक बाजार में मुनेश्वर वस्त्रालय को चलाता है।वह मां बाप के साथ कुरहा में रहता है।उसकी शादी हो चुका है।उसका संतान भी है।
इचाक थाना पहुंच कर पूजा के परिजन ने लगाई गुहार
___________________________ आजमगढ़ यूपी की पूजा और उसके पति राहुल के अचानक गायब हो जाने से लड़की के परिजन परेशान है। अगले महीने जहां शादी की पूरी तैयारी करने में जुटे लड़की के परिजन खुश थे वहीं उनकी खुशी गम में बदल गई और अपनी बेटी को ढूंढते उसके पिता इचाक आ पहुंचे। इधर गायब पूजा के पिता राम मूर्त यादव, बहन नीलम यादव, जीजा हिमांशु यादव, भाई बिनोद यादव थाना पहुंच कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। सभी ने लापता युवक के हाथ का कड़ा और युवती के गहने का पहचान करवाते हुए परासी के शमशान घाट में छः दिनों पूर्व जली दो अज्ञात शव के तार से जोड़ कर देखा जा रहा। हालांकि इस मामले पर अभी कुछ सटीक कह पाना मुश्किल होगा।
घटना के चार दिन बाद थाना में आवेदन देना,संदेहास्पद _______________________ कोचिंग संचालक दंपति गायब ममले में राहुल के पिता ईश्वर मेहता द्वारा घटना के चार दिन बाद थाना में आवेदन देना संदेह के घेरे में है। मामले में पूछे जाने पर ईश्वर मेहता ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को आवेदन देने थाना गया था।वहां मौजूद ओडी अफसर ने यह कह कर वापस भेज दिया कि अपने स्तर से एक-दो दिन खोज बिन कर लो, नहीं मिलने पर आवेदन देना। खोजबीन पुलिस कर लेगी।
एक दो दिन में मामले का खुलास, थाना प्रभारी
__________________________ मामले को लेकर इचाक थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि एक से दो दिनों में मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। लापता कोचिंग संचालक दंपति और अन्य कई लोगो का फोन नंबर टेक्निकल सेल में भेजा गया है। गुमशुदगी और अज्ञात शव का जलना दो अलग अलग घटना है। जिसे बिना जांच किए एक तार साथ जोड़ना उचित नहीं है। दोनो अलग अलग मामले को पुलिस सभी बिंदुओं से जांच कर रही है। अगर अपराध हुआ है तो जल्द पुलिस अपराधियों तक पहुंचेगी और घटना को अंजाम देने में शामिल अपराधियों का पता लगाएगी।

कोचिंग संचालक दंपति रहस्यमय ढंग से गायब विद्यार्थियों ने पुलिस से लगाई खोजबीन की गुहार

अभिषेक कुमार
इचाक प्रखंड के परासी में संचालित दिल्ली कोचिंग सेंटर के शिक्षक राहुल कुमार और उनकी पत्नी पूजा यादव 16 जून से गायब है।शिक्षक के एकाएक गायब होने से कोचिंग के विद्यार्थी परेशान है।मामले में शिक्षक राहुल कुमार के पिता ईश्वर महतो और विद्यार्थियों ने चार दिन बाद थाना में आवेदन दिया है।जिसके कारण मामला रहस्यमय बन गया है।घटना के चार दिन बाद कोचिंग के विद्यार्थियों ने थाना में आवेदन देकर पुलिस से शिक्षक के सकुशल वापसी की गुहार लगाई है।विद्यार्थियों ने थाना को दिए आवेदन में कहा है कि 15 जून को कोचिंग चलाने के बाद से शिक्षक का कहीं अतापता नही है ।हम लोगों ने अपने स्तर से खोजबीन किया किंतु कहीं पता नही चला।शिक्षक के लापता होने से हम सबों का पढ़ाई बाधित हो रहा है जिस कारण हम लोग काफी परेशान है। विद्यार्थियों ने पुलिस से शिक्षक राहुल कुमार का शीघ्र पता लगाने की गुहार लगाई है। इधर गायब शिक्षक के परिजनों को थाना द्वारा जब सूचित किया गया तो चार दिन बाद शिक्षक राहुल के पिता ईश्वर मेहता ने आवेदन देकर अपने बेटा और बहू के लापता होने का आवेदन थाना को दिया है। इधर दिल्ली कोचिंग सेंटर के शिक्षक राहुल कुमार पिछले चार दिनों से गायब हैं जिसका खोज परिजन और विद्यार्थी करने में जुटे हैं। घटना के चौथे दिन बाद जब उनके परिजनों ने थाना को आवेदन तक नहीं दिया तो थक हार कर विद्यार्थियों ने पुलिस को इसकी लिखित सूचना 19 जून को दे दी। बता दें कि कुरहा गांव का एक युवक पोस्ट ऑफिस रोड में दिल्ली कोचिंग सेंटर नाम का संस्थान पिछले 2 साल से चलाते आ रहे हैं। जहां 15 जून को बच्चों को पढ़ाने के बाद शिक्षक राहुल कुमार पत्नी समेत अचानक से गायब हो गया। जब 16 जून को विद्यार्थियों ने उनसे फोन लगाकर कोचिंग का टाइमिंग पूछना चाहा तो फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद कुछ विद्यार्थी कोचिंग तक पहुंचे किंतु संस्थान में ताला लटका हुआ था। 17 जून को विद्यार्थियों द्वारा फोन से संपर्क करने की कोशिश किया किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद विद्यार्थियों का एक दल थाना प्रभारी से मिलकर मामले की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया की गुमशुदगी के आवेदन मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

एक साथ दो अज्ञात शव के जलने से क्षेत्र में फैली सनसनी

©रात के अंधेरे में दो अज्ञात का शव जला, मौके से खून लगा चाकू, कड़ा और चूड़ी बरामद
©चोरी छिपे शव जलाने के मामला पर पुलिस ने लिया संज्ञान
©शव की नही हुई पहचान, हत्या या आत्महत्या से जोड़ देखा जा रहा मामला
इचाक
अभिषेक कुमार 🖋️
थाना क्षेत्र के परासी करोंजा टोला समीप श्मशान घाट में चोरी छिपे दो अज्ञात लोगो का शव जलाने का मामला प्रकाश में आया है। जहां यह घटना पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। घटना 14 /15 जून की रात बताई जा रही। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सुबह टहलने के लिए शमशान घाट के इर्द गिर्द मैदान की ओर जाया जाता है। जिसमे ग्रामीणों ने सुबह देखा की दो शव को रात्रि में जलाया गया है। जब गांव और आस पास पता किए की किसकी मृत्यु हुई है तो पत्ता चला की गांव के किसी लोगो की मृत्यु नही हुई जबकि दो शव की अंत्योष्ठी कर दी गई है। जिससे ग्रामीणों के बीच जितनी मुंह उतनी बाते हो रही है। स्थानीय लोगो का कहना है की जब गांव ने किसी व्यक्ति की मौत ही नही हुई तो किसके शव को अंतिम संस्कार किया गया यह जांच का विषय है। ____________________________
प्लान के साथ घटना को दिया गया अंजाम स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बताया गया की शव जलाने के कुछ दिन पहले से ही शमशान घाट पर लकड़ी को इकट्ठा कर रखा गया था। जैसे मानो कोई व्यक्ति की मौत से पहले शमशान घाट में लकड़ी की व्यवस्था की जाती है वैसा ही दृश्य था जो अचंभित करने वाला है। ____________________________
मौके पर खून से सनी चाकू, हाथ का कड़ा और चूड़ी बरामद
दो अज्ञात शवों का जलने का मामला जैसे ही तूल पड़कर चौक चौराहा में चर्चा का विषय बना, वैसे ही स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को उक्त घटना की जानकारी दी गई। सूचना पाकर बुधवार की सुबह इचाक थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जहां पुलिस ने अंत्येष्टि के जगह से खून से सना एक चाकू, युवक को पहनने वाला कड़ा और युवती की चूड़ी बरामद की है। इसके बाद पुलिस सकते में आ गई और मामला से जुड़े हर तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है। ___________________________
बरामद सामानों से अंदेशा लगाया जा रहा है की जलाए गए शवों में एक युवक तथा एक युवती है क्योंकि मौके पर से कड़ा और चूड़ी की जो सामग्री बरामद की गई है उससे यह अंदेशा लगाया जा सकता है कि जलने वालों में एक युवक तथा एक युवती ही होगी।
____________________________ हालांकि शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। जिससे शव की पहचान कर पाना काफी मुश्किल बन गया है। इधर क्षेत्र के कई जगहों पर घटना की चर्चा जोरों से होने पर पूरा क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है और इसे हत्या या आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि कर पाना फिलहाल संभव नहीं होगा जब तक पुलिस की तफसीस पूरी ना हो जाए। ___________________________ इधर मामले को लेकर इचाक थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा अज्ञात शव जलाने का आवेदन प्राप्त होने के बाद घटनास्थल से कई सामग्री को बरामद किया गया है। जिसके आधार पर पुलिस अपना काम कर रही है। वहीं विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रतार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पूरी मामला से पर्दा हटेगा।

आरएफसी कुटुमसुकरी के नन्हे मुन्हे पढ़ा रहे पर्यावरण का पाठ

पौधारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित रखने का लिया संकल्प
इचाक पर्यावरण है हम सबकी जान, इसलिए रखो इसका ध्यान के स्लोगन के साथ प्रखंड अंतर्गत आरएफसी कुटुमसुकरी के नन्हे मुन्हे बच्चे अब पौधा रोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित करने के संकल्प लेकर पर्यावरण का पाठ पढ़ाते दिख रहे है। दो दिनों से नन्हे बच्चे अपने क्षेत्र के शीतला माता मंदिर परिसर, कुटुमसुकरी चौक समेत अन्य जगह पर आम, नीम, महोगनी और पीपल का पौधा लगा कर लोगो से कहा की सांसे हो रही कम आओ पौधा लगाएं हम का नारा दिया। साथ ही लगाए गए सभी पौधा को बांस की जाली से सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की है। इन नन्हे बच्चों के कार्य को देख कर समाज के बड़े और जागरूक लोगो का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है। इतनी कम उम्र के बच्चों ने पौधारोपण के दौरान बताया की इस भीषण गर्मी ने अभी से ही हमे संकेत दिया है की आने वाला पर्यावरण का दुष्परिणाम कितना भयावह हो सकता है। अगर आज पेड़ पौधा लगा कर हमलोग पर्यावरण को संतुलित नही किए तो हमारी जवानी भी असंतुलित रहेगी। इसलिए हमने इस बार अपने क्षेत्र में कम से कम एक एक हजार पौधा लगाने का संकल्प लिया है। बच्चो के इस नेक कार्य को देख कर लोगो ने सराहा है तथा उनके टीम को कई फलदार पौधा उपलब्ध कराने की बात कही। पौधा रोपण टीम में कार्तिक कुमार, प्रतीक सिन्हा, चांद कुमार, करण कुमार, विष्णु कुमार, अनंत छोटू, गोलू कुमार समेत कई नन्हे बच्चे शामिल थे।

चमेली झरना पत्थर खदान में नहाने गया युवक डूबा

मौत स्थल बन चुका है चमेली झरना अबतक कईं लोगो की गई है जान
file foto
🖋️ अभिषेक कुमार
🖋️ इचाक सालपर्णी जंगल से सटे इचाक एवम पदमा थाना सीमांकन क्षेत्र पर चमेली झरना में बने पत्थर खदान के गहरे पानी में डूबा किशोर । हालांकि किशोर का शव को गहरे पानी से निकल नहीं पाया । किशोर हजारीबाग जैन मंदिर गली का रहने वाला था । बताया जा रहा है की किशोर छः युवकों के साथ हजारीबाग से गुरुवार शाम तीन बजे वहां जाने के बाद सभी लड़के चमेली झरना(खदान) में नहाने चले गए । नहाने के क्रम में डुब गया । इसके बाद तैरते हुए युवक कुछ युवक एक दूसरे को पकड़ कर बाहर निकल गए । लेकिन जमन अब्बास नहीं निकल पाया और वह गहरे पानी में डूब गया । बच्चे हल्ला करने लगे अपने परिजनों को सूचना दिया । परिजन स्थानीय पुलिस को दिया । सूचना पाकर इचाक थाना प्रभारी एवं पदमा थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे । अबतक डूबे युवक की लाश का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगो ने बताया कि खदान की गहराई लगभग 150 फीट पानी है ।खबर सुनते ही गांव में पसरा मातम एवं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है । छः दोस्त जमन अब्बास जैन मंदिर हजारीबाग रेहान अहमद जामा मस्जिद हजारीबाग एवं सैफ, अमन , आफताब , शाहिद सभी भागलपुर के रहने वाले थे । चमेली झरना में अपनी जान गवाई युवक के शव को खोजने की कोशिश जारी है। आज गोताखोरों के द्वारा शव की खोजबीन की जाएगी।
अबतक चमेलीझरना में कई लोगो की जा चुकी है जान
इससे पहले इचाक थाना क्षेत्र के भुसाई टोला निवासी प्रिंस कुमार की जान 21 अप्रैल 2023 को नहाने के क्रम में जा चुकी है। जिसका शव बहुत मशक्कत से निकाला गया था। वहीं 27 अगस्त 2023 को बरही थाना क्षेत्र के करसो गांव निवासी सुनील कुमार के पुत्र पुत्री कर्ण कुमार (उम्र लगभग 12 वर्ष), पुत्री रिया कुमारी (उम्र लगभग 10 वर्ष) एवं पुत्र आयशू कुमार (उम्र लगभग - 07 वर्ष) और माता कुंती देवी की लाश मिली थी। वही अगस्त में ही एक प्रेमी जोड़े का शव चमेली झरना से बरामद किया गया था।
मौत का स्थल बना चमेली झरना में अबतक कोई सकारात्मक और सुरक्षात्मक पहल पुलिस प्रशासन की तरफ से नहीं किया गया है। जिसके कारण गर्मी में मौज मस्ती करने आते युवा पीढ़ी को जान गंवा पड़ रहा है। साथ ही इस जगह पर बैरिकेट और जागरूकता की आवश्यक है।

वन विभाग से नाराज ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार का दिया आवेदन

इचाक प्रखंड के डाढ़ा पंचायत अंतर्गत मड़पा गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग से नाराज हो कर वोट बहिष्कार का ऐलान किया। जिस बाबत उपायुक्त हजारीबाग को ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त एक ज्ञापन सौंप कर वोट बहिष्कार का जिक्र किया है। दिए गए आवेदन में लिखा है की वन विभाग द्वारा ग्रामीणों के बीच बैठक कर बंजर भूमि पर पेड़ पौधा लगाकर हरा-भरा करने का निर्देश देते हुए फल फूल पर ग्रामीणों का मालिकाना हक देने का बात कही गई थी। विभाग कर्मियों ने मौखिक रूप से कहा की वन विभाग के द्वारा कोई भी कानूनी प्रक्रिया नहीं किया जायेगा। लेकिन आज 10 वर्षों के बाद लगभग चार सौ आम का पेड़ एवं महोगनी, गम्हार के पेड़ो का बगीचा में कुछ पेड़ो को कबाड़ दिया गया एवं कुछ पेड़ कबाड़ने के कगार पर है। जिससे ग्रामीणों का नुकसान हुआ है। साथ ही डीवीसी परियोजना के द्वारा निर्मित चेक डेम का भीड़ भी काट दिया गया जिससे सिंचाई की समस्या उत्पन्न हो गयी है। फसल खराब होने के कगार पर है। वन विभाग के द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम आरा में वन सीमा के अन्दर खेती करवा रही है जो की जाँच का विषय है। ग्रामीणों ने उपरोक्त संबंध में जांच कर अति शीघ्र समस्या का समाधान करने का मांग करते हुए तत्काल निष्पादन निवेदन किया है। साथ ही कहा है की अगर तत्काल समस्याओं को नही सुना गया तो वन विभाग के मनमानी कारण पूरे ग्रामीण वोट का बहिष्कार करेंगे। आवेदन पर हस्ताक्षर करने वालो में मनोज कुमार, बिरेंद्र कुमार, द्रोपती देवी,गीता देवी, राजकुमार, अशोक,मीना देबी, मुरली, लिलावती देवी, पवन कुमार, अनिता देवी, मुनीया देवी, मिथलेश कुमार मेहता, कंचन देवी समेत कई लोगो का नाम शामिल हैं।

एलएम नर्सिंग कॉलेज में नर्स दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

फ्लोरेंस नाइटिंगेल की सेवा भावना से वर्तमान नर्सों को सीखने की आवश्यकता - बाटेश्वर
हजारीबाग मटवारी स्थित एलएम नर्सिंग कालेज परिसर में सोमवार को नर्स दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता संस्थान के निदेशक लखन मेहता और संचालन डा रागिनी शुक्ला ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत डा नीलू रानी और निदेशक लखन मेहता ने दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा की एक महिला द्वारा मानव सेवा देकर नर्स के जीवन को पूरे जगत में अपनी महत्ता को बताया है। आज मेडिकल क्षेत्र नर्स के बिना अधूरा है। दुनिया की पहली नर्स फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जन्म दिवस पर यह समारोह आयोजित है। जिसमे शिक्षा पा रही वर्तमान नर्सेस को उनकी सेवा भावना से सीखने की जरूरत है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन पथ पर चल कर आज की नर्सेस भी समाज में अपनी सेवा भावना से अलग पहचान बना सकती है। कार्यक्रम को संस्कार भारती के अध्यक्ष कुमार केशव, मेहता विकास मंच के अध्यक्ष जयनारायण मेहता ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने विश्व की पहली महिला नर्स के कार्यों की सराहना करते हुए, संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के बाद निष्ठा पूर्वक गरीब, कमजोर और बीमार की सेवा करने की सलाह दिया।
इस दौरान पर संस्थान के मौजूद विद्यार्थियों ने ईमानदारी पूर्वक सेवा भावना से कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर संस्थान के सभी विद्यार्थियों के बीच एप्रॉन का वितरण किया गया।मौके पर प्रबंध निदेशक डॉ रंजन कुमार, डा अजय कुमार,डा कस्तूरी सिंह,डा पोलोमी गोस्वामी,निर्मल कुमार मेहता,अरुण कुमार,दीपक पांडे,राम मेहता के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।

ग्यारह हजार वोल्ट बिजली तार के चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत

अभिषेक कुमार
इचाक थाना क्षेत्र के गोबरबंदा पेट्रोल पंप के पास ट्रक संख्या डब्ल्यू बी 23 बी 0177 के चालक की मौत 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से हो गई। मृत चालक शर्मा ट्रेडर्स में रॉड उतारने साढ़े चार बजे सुबह पहुंचा था। मृत चालक की पहचान चिंटू रावत 22 वर्ष पिता नारायण रावत,ग्राम सड़वा करौना जिला जमुई बिहार के रूप में हुई है।घटना शनिवार सवा दस बजे दिन की है।शर्मा ट्रेडर्स प्रोपराइटर के भाई सोनू शर्मा ने बताया कि चिंटू मेरे दुकान में रॉड उतार कर गाड़ी में लोड शेष रॉड को मोक्तमा के रीतन मेहता के दुकान में उतरवाने के लिए आगे बढ़ा। मेरे दुकानें से कुछ आगे जाने के बाद गाड़ी रोक कर केबिन पर चढ़ गया और ऊपर रखा कुछ सामान को समेटने लगा इसी क्रम में वह 11 हजार वोल्ट तार के संपर्क में आ गया। तार से झटका लगने के बाद वह केबिन में गिर गया जिसकी आवाज सुनकर समीप के लोगों ने हल्ला किया।जिसे सुनकर मैं वहां पहुंचा। लोगो के सहयोग से घायल चिंटू को सीएचसी ले गए जहां चिकित्सा प्रभारी डाक्टर ओम प्रकाश ने मृत करार दिया।जिसके बाद मृतक के भाई अजीत रावत से संपर्क कर घटना की जानकारी दे दिया।मृतक के भाई अजीत ने बताया कि, ट्रक और रॉड कंपनी के मालिक ने मिलकर ट्रक को घटना स्थल से हटा दिया है।जिस कारण चिंटू की मौत संदेहास्पद है। मृतक के परिजनों के आने के इंतजार में शव दिन भर सीएचसी में पड़ा रहा। परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी ने बताया मृतक के परिजनों ने आवेदन नहीं दिया है।आवेदन के आलोक में दोषी लोगो के खिलाफ कारवाई किया जायेगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पहुंचे ईचाक लिया बूथों का जायजा

अभिषेक कुमार
इचाक प्रतिनिधि आगामी 20 मई को होनेवाला लोकसभा आम चुनाव में वोटरों और पोलिंग दल को बूथों पर उपलब्ध सुविधा और साधन का जायजा लेने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार गुरुवार को इचाक पहुंचे। निरीक्षण के क्रम में सीईओ के• रवि कुमार ने बूथों पर जाकर भौगोलिक स्थिति का जायजा लेते हुए डीसी नैंसी सहाय को सुधार से संबंधी निर्देश देते हुए व्यवस्था में और सुधार लाने की सलाह दिया। निरीक्षण के क्रम में पोलिंग बूथों पर सुरक्षा,पानी,बिजली,शौचालय,रैंप, फर्नीचर समेत कई अहम बिंदुओं का जायजा लिया।उन्होंने वोटरों को बेखौफ होकर घरों से निकलने और मजबूत सरकार के लिए खुलकर मतदान की अपील किया।साथ ही संबंधित बूथों के बीएलओ को मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया।राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिन बूथों का निरीक्षण किया उनमें देवकुली पंचायत के बूथ संख्या 406,407,408 और 409 शामिल है।इस दौरान उनके साथ डीसी नैंसी सहाय के अलावा कई वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। लौटने के क्रम में बूथ संख्या 366, 367, 368 और 369 का निरीक्षण के बाद बीएलओ को मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदान के दौरान बूथों पर उपलब्ध रहने का निर्देश दिया।इस दौरान उनके साथ बीडीओ संतोष कुमार, सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता के अलावा कई पदाधिकारी मौजूद थे।

सरकार के आदेश बाद भी खुल रहे इचाक के कई निजी स्कूल

@आदेश ना मानने वाले विद्यालय प्रभारी पर होगा मामला दर्ज - बीडीओ
अभिषेक कुमार 🖋️
इचाक। झारखंड में हीट वेव के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। इस बीच सरकार के आदेश के बावजूद इचाक में कई प्राइवेट स्कूल खुले रह रहे है। स्कूली बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ पर शिक्षा विभाग अंजान है। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है. इसका असर सड़कों पर भी दिख रहा है. सुबह 10 बजते ही तेज धूप के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है. जबकि दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है. लिहाजा, स्कूली बच्चों के हित को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 30 अप्रैल से 8वीं तक की सभी कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया था.यह आदेश 29 अप्रैल को जारी हुआ था. इसका असर भी हुआ. सभी सरकारी स्कूल की कक्षाएं बंद है। लेकिन कुछ निजी स्कूलों ने सरकार के इस आदेश को संजीदगी से नहीं लिया. इनमें इचाक के प्रतिष्ठित स्कूलों समेत कई अन्य का नाम शामिल है.इस लापरवाही के बाबत कई अभिभावकों ने नाम नहीं बताने की सूरत में स्कूल प्रबंधन के मनमानी पर नाराजगी जताई. अभिभावकों ने बताया कि आम दिनों की तरह 30 अप्रैल, 1,2 और 3 मई को नर्सरी से कक्षा 8 तक के बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। प्रखंड में संचालित कई निजी स्कूल सरकार के गाइडलाइन का पालन करना उचित नहीं समझते है। कई ऐसे विद्यालय है जिसमे एक कमरा में ही बच्चो को ठूस कर बैठाते है। पर्याप्त जगह नहीं रहने पर बच्चो को अलग से गर्मी वाली परेशानी झेलनी पड़ती हैं। सरकार द्वारा बनाए गए मापदंड के विपरित आज भी कई निजी स्कूल संचालित है। जिससे बच्चो का मानसिक और शारीरिक विकास अधर में है। इधर सोशल मीडिया माध्यम से कई स्कूलों की तस्वीर को अभिभावकों ने साझा कर विद्यालय कक्षा जारी होने की सूचना दी है। वही मामला को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया की गुरुवार को कई संचालित स्कूल के प्रबंधकों से बात की गई। उनको सरकार के द्वारा जारी निर्देश का पालन करने की हिदायत दी गई है। अगर इसके बावजूद भी कक्षा जारी रखा जाता है तो संचालित विद्यालय के प्रभारी पर कानूनी कार्यवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा।

खलिहान मे आग लगने से कई एकड़ में लगे गेहूं जलकर राख

इचाक थाना क्षेत्र के जलौंध गांव में गेहूं खेत में आग लगने से कई किसानों का खेत में लगे गेहूं जलकर राख हो गया। घटना गुरुवार को 4 बजे की बताई जा रही। स्थानीय लोगो ने बताया कि रामनवमी की त्यौहार में सभी व्यस्त थे। तभी कुछ लोगो को अचानक आग लगे हुए गेहूं पर नजर पड़ी। आनन फानन में दर्जनों ग्रामीण आग लगे खलिहान में पानी से बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज हवा और आग की लपटे इतनी तेज थी की मिनटों में सैकड़ों बोझा गेहूं जलकर राख हो गई।पंचायत समिति सदस्य सरस्वती देवी ने बताई की गांव के मोदी मेहता, दीपक मेहता, और दीपक मेहता के खेत में आग लगने से सैकडो गेहूं की बोझा जलकर राख हो गया। जिसकी सुचना तत्काल इचाक सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता को फ़ोन के माध्यम से दिया गया और मुवाबजे की मांग की गई है।सीओ ने कहा की कर्मचारी की इलेक्शन और रामनवमी ड्यूटी होने की वजह से तत्काल खेत पर जाना संभव नही है। लेकिन जांच के बाद उचित मुआवजा देने की आश्वाशन दिया गया। गेहूं जलने पर ग्रामीण बेहद मायूस है।

आदर्श वीणा शिशु क्लब द्वारा महिलाओं को बांटे गए शस्त्र

नारी शक्ति की पूजा और नारी का सम्मान हमारी परम्परा-अन्नपूर्णा देवी
अभिषेक कुमार🖋️
इचाक आदर्श वीणा शिशु क्लब के द्वारा विजयदशमी के दिन प्रखंड के नया काली मंडा परिसर में शस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुराना इचाक पंचायत की मुखिया किरण देवी और समाज सेवी रविशंकर उर्फ भोला ने किया । कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद और कोडरमा लोस से भाजपा प्रत्याशी अन्नपुर्णा देवी, विधायक अमित कुमार यादव, जिप अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, जिप सदस्या कुमकुम देवी, भाजपा के वरिष्ठ नेता बटेश्वर मेहता, भैया अभिमन्यु सिन्हा व मुखिया किरण देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पशचात मुखिया किरण देवी ने सांसद और विधायक को गदा भेंट कर सम्मानित किया। इससे पूर्व दर्जनों महिलाओं ने महारानी लक्ष्मीबाई का वेश धारण कर मोटरसाइकिल रैली निकाली जो कार्यक्रम स्थल से इचाक बाज़ार, अंबेडकर चौक, थाना रोड, कुटुमसुकरी से पुन: बाजार होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा। इस दौरान आयोजक कमेटी द्वारा अखाड़े के पदाधिकारियों और महिलाओं के बीच 300 शस्त्र का वितरण किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि ने आयोजक कमेटी को बधाई देते हुए कहा कि नारी शक्ति की पूजा हमारी परंपरा और संस्कृति में शामिल रही है।
नारी का सम्मान ही सनातन की सबसे बड़ी पूजा है। विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए हमें सदैव तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम को जिप अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, जिप सदस्य कुमकुम देवी, भाजपा के वरिष्ठ नेता बटेश्वर मेहता, भैया अभिमन्यु प्रसाद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन बसन्त नारायण सिंह ने किया। मौके पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुभाष सोनी, विधायक प्रतिनिधि सचिदानंद अग्रवाल, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष गौतम नारायण सिंह, पंसस मुकेश उपाध्याय, भाजपा नेता शिवकुमार सिंह, संजय अग्रवाल, अजीत बक्शी, प्रकाश राम चंद्रवंशी, नीलू देवी, सरदार कर्णवीर सिंह, नवलेश कुमार, मनोज सिन्हा, बिक्कु विश्वकर्मा, शंकर सोनी, उमेश रवाणी, मेघनाथ कुशवाहा, मनोज सोनी, आशीष सोनी, संदीप सोनी समेत सैकड़ो लोग उपस्थित थे।

लोटवा गांव के कुआ से विवाहित महिला का शव बरामद

इंस्टाग्राम बना विवाद का कारण
अभिषेक कुमार🖋️
इचाक थाना क्षेत्र के लोटवा गांव में एक कुआं से विवाहित महिला का शव पुलिस ने बरामद किया है।मृत महिला की पहचान सोनी कुमारी 25 वर्ष पति विकाश कुमार दास ग्राम लोटवा के रूप में हुई है।घटना गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे की बताई जा रही है।मृतिका सोनी की शादी विकास राम के साथ चार साल पूर्व हुई थी।घटना की सूचना पर पहुंची इचाक पुलिस ने शव को कुएं से निकाल कर कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कालेज एंड अस्पताल भेज दिया है।
ग्रामीण सोनी को बचाने की कोशिश की तब तक काफी देर हो चुका था। जिस कारण उसे बचाया नहीं जा सका।सोनी कुमारी और बिकास राम से दो बेटियां है।इधर सोनी की मौत की सूचना पर टाटीझरिया से दर्जनों महिला पुरुष लोटवा पहुंच कर हो हंगमा शुरू कर दिया ।इसके पूर्व विकास और उसके घर के सदस्य फरार हो गए।मृतिका के माता पिता ने सोनी के ससुराल वाले पर मारकर कुएं में डालने का आरोप लगा रहे थे।मैके वालों के मुताबिक शादी के बाद से ही विकास और उसके घर वाले उसके साथ मारपीट करते रहते थे ।
जिसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी।लोगो ने बताया की 15 अप्रैल को सोनी के माईके वालों और ससुराल वालों के बीच लोटवा गांव में पंचायत हुआ था।स्थानीय लोगो के मुताबिक इंस्टाग्राम पर विकास की दोस्ती एक अन्य युवती से हो गया।जिसके बाद दोनो एक दूसरे को चाहने लगे।दोनो की दोस्ती इस कदर बढ़ी की विकास युवती से कोर्ट मैरिज कर घर ले आया। जिसके बाद सोनी और विकास के बीच विवाद बढ़ गया। मृतिका का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। देर शाम तक मृतका के पति के हाथों अग्नि संस्कार कराने पर डटे थे। लोग कह रहे थे कि जब तक इसका पति नहीं आएगा तब तक अग्नि संस्कार नहीं होगा। थाना प्रभारी संतोष कुमार से पूछे जाने पर बताया कि मामले में आवेदन नहीं मिला है।आवेदन मिलने पर जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी। यह भी कहा कि पोस्टमार्टम करा कर शव गांव भेज दिया गया है।

झारखण्ड एसीबी ने आईएएस अधिकारी विनय चौबे को लिया हिरासत में

शराब घोटाले मामले में एसीबी की कार्यवाई राँची शराब घोटाले में तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय चौबे व संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह को एसी...